उत्साहपूर्ण वातावरण में पुलिस झण्डा दिवस मनाया गया : एसपी ने पुलिस ध्वज फहराया तथा ध्वज को दी सलामी
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Nov 23, 2026
बहराइच। रिजर्व पुलिस लाइन में सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में पुलिस झण्डा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा क्वार्टर गार्ड पर पुलिस ध्वज फहराया गया तथा ध्वज को सलामी दी गई। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 23 नवम्बर को पुलिस झण्डा दिवस मनाया जाता है। यह दिवस पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, पराक्रम, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। साथ ही यह पुलिसकर्मियों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस ध्वज के ऐतिहासिक महत्व एवं गौरवशाली परंपराओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी.के.श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन