जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर परखी शिक्षा की गुणवत्ता : भूगोल व अंग्रेजी विषय से सम्बन्धित छात्राओं से पूछे सवाल
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Nov 23, 2026
बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तेजवापुर का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक, आवासीय एवं बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और उनसे पढ़ाई-लिखाई से जुड़े सवाल पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता एवं विषयों पर उनकी समझ को परखा। डीएम के सवालों का जवाब देने में छात्राओं ने भी उत्साह दिखाया। जिलाधिकारी ने छात्राओं से पहाड़े सुनने के साथ अंग्रेजी विषय में नाउन, प्रोनाउन और टेंस के बारे में सवाल किए। उन्होंने छात्राओं से हिंदी वाक्यों का अंग्रेजी में अनुवाद भी कराया। वहीं भूगोल विषय में जलवायु और महाद्वीपों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके सामान्य ज्ञान एवं विषयगत समझ का आकलन किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें पूरे मनोयोग से पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्राओं की विषयगत समझ, तार्किक क्षमता और सीखने की रुचि को भी विकसित करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी शैक्षिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाए। विद्यालय की आवासीय एवं भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन