लंबित मांगों को लेकर रोजगार सेवकों का कार्य बहिष्कार जारी : मांगें न मानी जाने पर रोजगार सेवक 03 दिसंबर को लखनऊ कूच करेंगे
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Nov 23, 2026
बहराइच। प्रदेश स्तरीय आह्वान पर लंबित मांगों को लेकर जिले के रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। रोजगार सेवकों का कहना है कि लंबित मांगें पूर्ण होने के बाद ही काम पर लौटेंगे। जिले में 815 रोजगार सेवक कार्यरत हैं, जो अपनी लंबित मांगों की पूर्ति के लिए 21 से 30 नवंबर तक कार्य बहिष्कार पर हैं। ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने और वीबी जी राम जी में श्रमिकों को काम उपलब्ध कराने की मुख्य जिम्मेदारी रोजगार सेवकों पर होती है। विकास कार्य बाधित होने से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने कहा कि यदि सरकार द्वारा 30 नवंबर तक रोजगार सेवकों की मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। जिला महामंत्री दीपक सिंह सेंगर, जिला प्रभारी विद्याधर बाजपेई ने एलान किया कि मांगें न माने जाने पर जिले के सभी रोजगार सेवक 03 दिसंबर को लखनऊ कूच करेंगे और विधानसभा का घेराव करेंगे। इसके साथ ही वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन