तेंदुए के हमले में युवक की मौत : गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Nov 23, 2026
बहराइच। सुजौली रेंज अंतर्गत सरयू नहर के किनारे फूंस की झोपड़ी बनाकर रह रहे ग्राम पंचायत चफरिया के ओरीपुरवा निवासी 42 वर्षीय जयराम पुत्र जमुना को तेंदुए ने हमला कर मार डाला। बताया गया कि जयराम पिछले 8 साल से सरयू नहर किनारे झोपड़ी में अकेले रहते थे और रोज सुबह घर परिजनों से मिलने जाते थे। सोमवार सुबह घर न पहुंचने पर मां केतकी देवी और पिता जमुना झोपड़ी पर पहुंचे तो चारपाई टूटी और बिस्तर बिखरे मिले। तलाश करने पर करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में उनका अधखाया शव पड़ा मिला। शोर पर ग्रामीण एकत्र हुए और शव को झोपड़ी के पास लाकर वन विभाग व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मंजेश कुमार ने टीम के साथ शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाजपा नेता व समाजसेवी तरुण तेजस ने बताया कि मृतक की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। एक साल बाद पत्नी की मृत्यु हो गई थी, कोई संतान नहीं है। परिवार में माता-पिता व दो बड़े भाई दीपक और सुधीर हैं जो ओरीपुरवा में ही रहते हैं। जयराम साधु-संत की तरह जीवन गुजारते थे, इसलिए 8 साल से नहर किनारे रह रहे थे। घटना बीती रात्रि करीब 3 से 4 बजे के बीच की मानी जा रही है। सुबह 9 बजे मौत का पता चला। सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
विज्ञापन
विज्ञापन