प्रभारी मंत्री ने प्रभावित ग्रामों का ट्रैक्टर से किया भ्रमण : प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पीड़ितों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Aug 20, 2026
बहराइच। जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे मा. राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच श्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह व विधायक बलहा श्रीमती सरोज सोनकर के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों रामपुर रतिया, धर्मपुर संपत, पूर्व खैरी पुरवा एवं बाबा रामपुर रतिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न होने पाए। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि जिन किसानों की धान की फसल बाढ़ के पानी में डूबकर प्रभावित हुई है, उनकी फसल का सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उन्हें शासन की प्रत्येक सुविधा एवं योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वितरित की राहत किट
बहराइच। जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच श्री दिनेश प्रताप सिंह ने मिहींपुरवा क्षेत्र के गुलरहिया गांव में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह व बलहा विधायक श्रीमती सरोज सोनकर के साथ 75 बाढ़ प्रभावित महिला एवं पुरुषों को राहत किट वितरित की तथा प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना। राहत वितरण के उपरांत प्रभारी मंत्री ने ट्रैक्टर से बाढ़ के पानी से घिरे गांवों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर जलभराव एवं अन्य समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बताया गया कि मिहींपुरवा क्षेत्र के छः मजरों के बारह पुरवे बाढ़ के पानी से प्रभावित हुए हैं। हालांकि वर्तमान में जलस्तर घटने से बाढ़ का पानी गांवों से निकलना शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है। वहीं खेतों में अभी भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन