: सर्व सेवा संघ परिसर को ढहाए जाने की कार्रवाई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विरासत पर हमलाः विनय
Admin
Sun, Jul 2, 2023
सर्व सेवा संघ परिसर पर हमला सम्पूर्ण गांधी वादियों पर हमला
बहराइच। जिला कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में रविवार को कुष्ठ सेवा आश्रम सलारगंज परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष गांधीवाद बचाओ संकल्प सत्याग्रह कांग्रेस सेवादल के पूर्व अध्यक्ष, दाण्डी यात्री इन्द कुमार यादव के संयोजकत्व में सर्व सेवा संघ, गांधी स्मारक, गांधी विद्यापीठ आदि परिसरों को खाली कराने व ढहाए जाने जैसे भाजपा सरकार के कार्यवाही के विरोध में किया गया। उक्त अवसर पर गांधी जी के प्रिय भजन ‘‘सबको सन्मति दे भगवान का गायन किया गया। उक्त अवसर पर राष्ट्रीय प्रशिक्षक विनय सिंह ने कहा कि वाराणसी में स्थित सर्व सेवा संघ परिसर को भाजपा सरकार द्वारा ढहाए जाने व खाली कराने जैसे कार्यवाही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विरासत पर हमला है। उन्होंने कहा कि आचार्य विनोवा भावे, डाक्टर राजेन्द्र प्रसाद, लालबहादुर शास्त्री, बाबू जगजीवन राम के अथक प्रयासों से राजघाट वाराणसी में सर्व सेवा संघ को गांधी जी के विचारों का प्रचार प्रसार करने के उद्देश्य से स्थापित किया था। इन्ही महापुरुषों के नेतृत्व में उक्त जमीन खरीदी गई थी। यह भवन गांधी स्मारक निधि एवं लोक नायक जय प्रकाश नारायण द्वारा दिए गए दान संग्रह से बनवाया गया था। जिसे आज भाजपाई प्रशासन द्वारा अवैध बताकर क्षतिग्रस्त करना महात्मा गांधी के विचारों व उनकी विरासत पर एक और हमला करने का कुचक्र है। दाण्डी यात्री इन्द्र कुमार यादव ने कहा कि सर्व सेवा संघ परिसर पर हमला सम्पूर्ण गांधी वादियों पर हमला है, गांधी विद्या संस्थान को अनैतिक एवं असंवैधानिक तरीके से भाजपा सरकार अपने स्वार्थी तत्वों द्वारा समाज में विग्रह पैदा कराने वालों और गांधी, विनोवा, जय प्रकाश नारायण के विचारों के विरोधियों को सौपने का षड्यंत्र है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवाबगंज के अध्यक्ष रामदीन गौतम ने कहा कि हम कांग्रेसजन उक्त अत्यंत शर्मनाक एवं राष्ट्र विरोधी कार्यवाही की घोर निंदा करते हैं। मोहम्मद इशारत खान ने कहा कि महात्मा गांधी जी के विरासत पर हो रहे हमले के खिलाफ डटकर खड़े रहने के लिए लामबंद होकर दृढ़ संकल्पित हों। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष विष्णु यादव ने कहा कि हमारे देश के महानायकों और राष्ट्रीय विरासत पर किए जा रहे हमले को देश की जनता कभी भी बर्दाश्त व माफ नही करेगी। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विशेश्वरगंज के अध्यक्ष उमेश तिवारी, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, राम नरेश यादव, राहुल पाण्डेय, रामनरेश यादव, अवध राज पासवान, संदीप कुमार गौतम आदि ने अपने-अपने विचार ब्यक्त किए।
विज्ञापन
विज्ञापन