एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्यायें : थाना विशेश्वरगंज में आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Jul 11, 2026
बहराइच। जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा राजस्व विभाग की टीम के साथ थाना विशेश्वरगंज में उपस्थित रहकर थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता की गयी। इस दौरान एसपी द्वारा फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा प्राप्त जनशिकायतों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि जिन प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन्हें आवश्यक आख्या संलग्न कर संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रेषित किया जाए। साथ ही भूमि विवाद संबंधी मामलों में राजस्व विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने-अपने सर्किल के थानों में उपस्थित रहकर जनशिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। थाना समाधान दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, थानाध्यक्ष विशेश्वरगंज एवं राजस्व विभाग की टीम उपस्थित रही।
शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए
एसडीएम नानपारा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस
फरियादियों की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
बहराइच। उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी की अध्यक्षता में थाना नानपारा में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान आये हुए फरियादियों की सुनवाई करते हुए संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों या थाने के चक्कर न लगाना पड़ें। प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए। समाधान दिवस में प्राप्त हुए 04 प्रकरणों में से 01 का निस्तारण मौके पर किया गया। समाधान दिवस के दौरान एसडीएम ने विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन कर उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा अद्यतन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा, थाना अध्यक्ष नानपारा, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल उपस्थित रहे।
भूमि विवाद से जुड़ी छह शिकायतें मिली, जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश
थाना रुपईडीहा में समाधान दिवस आयोजित
रुपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रूपईडीहा थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि समाधान दिवस में कुल छह प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित थीं। शिकायतकर्ताओं में नसरुल्ला पुत्र मोहम्मद शफी, ननकाई पत्नी शब्बीर अली, शकील खान पुत्र समीम खान, गुलजार पुत्र गुलाम खान, संतोष कुमार पुत्र कीर्तन तथा गीता देवी पत्नी लल्लू शामिल हैं। समाधान दिवस के उपरांत राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को सभी मामलों की मौके पर जांच कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन