चेन लूट के बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल, एक गिरफ्तार : चोरी की बाइक, तमंचा व सोने का मंगलसूत्र बरामद
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Sep 25, 2026
बहराइच। फखरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चेन लूट में शामिल बदमाशों से मुठभेड़ हुई। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा और लूटी गई संपत्ति बरामद की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर भकला चौराहे रोड स्थित गांधीघाट पुल के पास से गुजरने वाले हैं। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक फखरपुर ने स्वॉट टीम के साथ घेराबंदी की। बदमाशों ने पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सलमान पुत्र सलीम निवासी उज्जैनी जमाल थाना कोतवाली देहात, जनपद गोंडा के दाहिने पैर में गोली लगी। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर ले जाया गया। पुलिस ने मौके से दूसरे बदमाश तस्लीम उर्फ आरिफ पुत्र सलीम निवासी उज्जैनी कला थाना कोतवाली देहात जनपद गोंडा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक 12 बोर का तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया। मौके पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण पहुंचे। पकड़े गए बदमाश फखरपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व हुई चेन लूट की घटना में शामिल बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन