ब्रेकिंग

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अधीनस्थ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल की प्रेरणादायक सफलता

समय पर जांच और उपचार का दिया गया संदेश

एनआरएलएम योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

गुणवत्तापूर्ण एवं दक्षतामूलक शिक्षा के लिए हितधारकों ने लिया निपुणता का संकल्प

हथिनी की प्रदर्शनी से गूंजा स्कूल, बच्चे हुए रोमांचित

Ad

जनपद में निपुण संकल्प कार्यशाला का हुआ भव्य आयोजन : गुणवत्तापूर्ण एवं दक्षतामूलक शिक्षा के लिए हितधारकों ने लिया निपुणता का संकल्प

Kunwar Diwakar Singh

Wed, Jul 29, 2026

बहराइच। राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों के अनुरूप बालक-बालिका को बाल वाटिका से कक्षा 5 तक आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से दक्ष बनाने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण, आनंददायी एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में हरियाली रिज़ॉर्ट में निपुण संकल्प कार्यशाला का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरान्त छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति एवं भारतीय ज्ञान परम्परा की झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने कहा कि निपुण भारत मिशन केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से जनपद के प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण विकसित किया जाएगा तथा प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाने के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि निपुणता केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द ने कहा कि बुनियादी शिक्षा की सुदृढ़ नींव ही भविष्य की सम्पूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाती है। उन्होंने विभागीय समन्वय एवं गुणवत्ता सुधार के लिए संयुक्त प्रयासों पर बल दिया। सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा राम सागर पति त्रिपाठी ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रभावी अनुश्रवण, नवाचारों का विस्तार तथा परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति अत्यंत आवश्यक है। बीईओ, एसआरजी एवं एआरपी ने अपने-अपने विकासखंडों के सफल नवाचार, उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रयास एवं चुनौतियों के समाधान साझा किए। कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि जनपद के प्रत्येक बच्चे को आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से दक्ष बनाते हुए निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को पूर्ण समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ प्राप्त किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद बहराइच, गोंडा एवं श्रावस्ती के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों, संबंधित डायट प्राचार्यों, जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारियों, स्टेट रिसोर्स ग्रुप, एकेडमिक रिसोर्स पर्सन तथा राज्य परियोजना कार्यालय की निपुण सेल के विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा विश्वास व्यक्त किया गया कि इस कार्यशाला से प्राप्त अनुभव एवं सुझाव जनपदों में निपुण भारत मिशन को नई गति प्रदान करेंगे।

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें