सपा नेताओं के काफिले को घाघराघाट पर पुलिस ने रोका : विनोद साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे थे सपा नेता
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Sep 12, 2026
जरवलरोड, बहराइच। गोण्डा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्सड़िया मल्लाहनपुरवा गांव निवासी विनोद साहनी की हत्या के विरोध में उनके परिजनों से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी नेताओं के काफिले को शुक्रवार को घाघराघाट पर पुलिस ने रोक दिया। काफिले में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अवधेश वर्मा, कटरा बाजार के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे तथा संजय विद्यार्थी समेत कई प्रमुख सपा नेता शामिल थे। शुक्रवार सुबह लखनऊ से गोंडा जाते समय रामनगर पहुंचने पर भी पुलिस ने सपा नेताओं को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वे आगे बढ़ने में सफल रहे। इसके बाद घाघराघाट पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने पूरे काफिले को रोक लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प की स्थिति बन गई। मीडिया से बातचीत के दौरान राजपाल कश्यप ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा संरक्षित गुंडों ने विनोद साहनी की निर्मम हत्या की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में निषाद समाज पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। देर शाम पुलिस प्रशासन ने सभी सपा नेताओं को वापस लखनऊ भेज दिया। इस काफिले में मुख्य रूप से सूरज सिंह, सरफराज अहमद सोनू, अभिषेक यादव, अनिल यादव, राजू कश्यप, अरशद हुसैन, सिद्धार्थ सिंह, दीपू यादव और अरमान खान समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन