सवारियों से भरी इको वैन व रोडवेज बस की आमने सामने भिड़न्त : इको वैन के चालक सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jul 22, 2026
इको वैन मटेरा से सवारियां लेकर जा रही थी लखनऊ
जरवलरोड थाना क्षेत्र के चुरईपुरवा मुस्तफाबाद के पास हुई घटना
जरवलरोड, बहराइच। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरवलरोड थाना क्षेत्र के चुरईपुरवा मुस्तफाबाद के पास बुधवार शाम करीब सवा चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बहराइच के मटेरा से सवारियां लेकर लखनऊ की ओर जा रही इको वैन (यूपी32एनएन 9170) और विपरीत दिशा से आ रही रोडवेज बस (यूपी 78एलटी 0457) में आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त इको वैन में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे, जो लखनऊ से मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए अपने घरों से निकले थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वैन में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान फकर (35) पुत्र बड़कउ, आरिफ (30) पुत्र भुरऊ, बबलू (42) पुत्र कुदुस निवासीगण अम्बावा जौहर सिसैया, थाना रिसिया, बहराइच), इको चालक मोहम्मद सलीम (40) पुत्र गुलाम वारिस निवासी घोसियाना दरगाह थाना दरगाह जिला बहराइच, फरियाद खान (26) पुत्र इरशाद खान, फरमान खान (28) पुत्र नौसाद खान और फरमान खान (30) पुत्र मजीद खान निवासीगण रहमतपुरवा पुरवारी, थाना मटेरा, बहराइच के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और थाना प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने फकर, फरमान खान (पुत्र नौसाद), चालक मोहम्मद सलीम और फरियाद खान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। राहत की बात यह रही कि रोडवेज बस के चालक, परिचालक और उसमें सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन