दादी की गोद में खेल रहे 4 साल के पोते पर तेंदुए का हमला : सिर और पीठ में गंभीर चोटें, दादी की बहादुरी से बची पोते की जान
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 3, 2026
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट वन प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत राणा फार्म मटेही में मंगलवार शाम दिल दहला देने वाली घटना हुई। 4 वर्षीय पोता अभी पुत्र रवि अपनी दादी की गोद में घर के आंगन में खेल रहा था, तभी पीछे गन्ने के खेत से घात लगाए तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुए ने बच्चे को गोद से ही जबड़े में दबोचने की कोशिश की। लेकिन दादी ने हिम्मत नहीं हारी, उन्होंने पोते को सीने से चिपकाए रखा और जोर-जोर से हल्ला मचाया। दादी की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और लाठी-डंडे व हांका लगाकर तेंदुए को भगाया। इस संघर्ष में बच्चे के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने घायल बच्चे को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में भर्ती कराया। जहाँ डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक इलाज के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार के निर्देश पर वनरक्षक अब्दुल सलाम की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल पहुंचकर बच्चे का हाल जाना।
विज्ञापन
विज्ञापन