एसपी ने किया पुलिस चौकी शिवपुर मोहरनिया का उद्घाटन : क्षेत्रवासियों को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Nov 2, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस चौकी शिवपुर मोहरनिया का नवनिर्मित भवन तैयार होने के बाद सोमवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने उद्घाटन किया। पुलिस चौकी का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को अब अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस स्टेशन तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। चौकी स्थापित होने से फरियादियों को समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी पुलिस को मदद मिलेगी। उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने पुलिस चौकी की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। नई पुलिस चौकी के माध्यम से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी तथा स्थानीय नागरिकों को अपनी शिकायत दर्ज कराने और पुलिस सहायता प्राप्त करने में सहूलियत होगी। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम, प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेंद्र मिश्रा, सहायक कमांडेंट अमित कटियार, शैलेश जायसवाल, संतोष अग्रवाल,सहित पुलिसकर्मी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन