निदेशक प्रशासन ने 02 गो आश्रय स्थलों का किया निरीक्षण : विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Sep 20, 2026
बहराइच। जनपद में संचालित गौआश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग के निदेशक, प्रशासन एवं विकास राजेन्द्र प्रसाद माहौर ने जनपद के एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान शनिवार को गो आश्रय स्थल परसेण्डी एवं कटरा बहादुरगंज का निरीक्षण किया। गो आश्रय स्थल पहुंचने पर श्री मौहौर द्वारा सर्वप्रथम गोपूजन कर गोवंशों को गुड़ व फल खिलाकर गौमाता व नंदी का सम्मान किया गया। तत्पश्चात आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान गोवंशों के स्वास्थ्य एवं बोये जाने वाले हरे चारे की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक दशा में गोवंशों को भूसा के साथ प्रचुर मात्रा में हरा चारा भी दिया जाय। संरक्षित गोवंशों की मृत्यु दर में कमी लाये जाने के लिए निर्देश दिया कि पशुपालन विभाग के अधिकारी कर्मचारी व पैरावेट नियमित रूप से गोआश्रय स्थलों का भ्रमण करें। क्षेत्र भ्रमण के उपरान्त निदेशक श्री माहौर ने अपर निदेशक, देवीपाटन मण्डल गोण्डा डॉ. अरविन्द सिंह के साथ विकास भवन सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि गौआश्रय स्थलों में हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु चारा उत्पादक किसानों से अनुबंध कर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय। बैठक का संचालन मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, ए.पी.ओ. सहित अन्य सम्बन्धित विभागी अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन