ब्रेकिंग

संस्थान महिलाओं को रोजगारपकर प्रशिक्षण देकर बना रहा आत्मनिर्भर

तहसीलदार नानपारा की अगुवाई में राजस्व टीम ने की कार्रवाई

सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाएः दिनेश प्रताप

कार व तीन मोबाइल बरामद

संचालन रामदीन गौतम संगठन उपाध्यक्ष ने किया

Ad

खलिहान की जमीन पर बने छह मकानों में से दो पर चला बुलडोजर : तहसीलदार नानपारा की अगुवाई में राजस्व टीम ने की कार्रवाई

Kunwar Diwakar Singh

Thu, Aug 13, 2026

रूपईडीहा, बहराइच। विकास खंड नवाबगंज की ग्राम पंचायत भगवानपुर करिंगा के मजरा बगौरा गांव में गुरुवार को खलिहान की जमीन पर बने मकानों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। तहसीलदार नानपारा विकास कुमार की अगुवाई में पहुंची राजस्व टीम ने छह मकानों में से दो मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी के जवान भी मौजूद रहे। तहसीलदार विकास कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में श्रेणी-6 खलिहान के रूप में दर्ज है। इस भूमि पर छह लोगों द्वारा मकान बनाए जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में मकान नहीं हटाए जाने पर उप जिलाधिकारी नानपारा के आदेश के क्रम में गुरुवार को दो मकानों को ध्वस्त कराया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान रज्जब अली और कादिर अली के मकानों को बुलडोजर से गिराया गया। वहीं संतराम, अजीज, शमी और इलियास के मकानों पर अभी कार्रवाई नहीं की गई है।

40 वर्षों से रह रहा था परिवार, कार्रवाई पर परिवारों में आक्रोश

मकान ध्वस्त किए जाने के बाद प्रभावित परिवारों में आक्रोश और मायूसी दिखाई दी। मकान स्वामी रज्जब अली ने बताया कि उनका परिवार करीब 40 वर्षों से यहां मकान बनाकर रह रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले यह जानकारी नहीं थी कि जिस जमीन पर उनका मकान बना है, वह खलिहान के रूप में दर्ज है। नोटिस मिलने के बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई। रज्जब अली का कहना है कि उनका एक अन्य मकान भी बताया जा रहा है, लेकिन वह मकान उनके पिता ने उनकी बहन और बहनोई को दे दिया था। उनका कहना है कि उक्त मकान अब उनके स्वामित्व में नहीं है, फिर भी इसी आधार पर उनके मकान को गिराया गया। मकान टूटने के बाद परिवार की महिलाएं और अन्य सदस्य रोते-बिलखते नजर आए। प्रभावित परिवारों का कहना था कि जब वे करीब 40 वर्षों से यहां रह रहे थे, तब प्रशासन ने उन्हें नहीं हटाया। जब मकान कच्चे थे, तब भी कार्रवाई नहीं हुई। अब मेहनत-मजदूरी कर एक-एक पाई जोड़कर पक्के मकान बनाए गए तो उन पर बुलडोजर चला दिया गया। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी देखी गई कि यदि छह मकान अवैध बताए जा रहे हैं तो कार्रवाई केवल दो मकानों पर ही क्यों की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले में स्पष्टता की मांग की।

राजस्व टीम के साथ पुलिस और एसएसबी रही मौजूद

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार नानपारा विकास कुमार, नायब तहसीलदार हर्षित पाण्डेय, नायब तहसीलदार शैलेश अवस्थी, कानूनगो राम नरेश, कानूनगो विश्वनाथ मौर्य, लेखपाल करुणेश त्रिपाठी, अमन व शिवकुमार सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी के जवान तैनात रहे।

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें