जिला जज, डीएम व एसपी ने किया कारागार का निरीक्षण : शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर सतत निगरानी रखी जाए
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Sep 26, 2026
बहराइच। जनपद न्यायाधीश राजेश कुमार सिंह ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, सीजेएम श्रीमती नीलम सरोज व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार के साथ शुक्रवार की शाम जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागार में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। निरीक्षण के दौरान पुरुष बैरक, महिला बैरक, बंदी पाकशाला, क्रीड़ास्थल तथा अस्पताल वार्ड का निरीक्षण शामिल रहा। इस दौरान बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि कारागार का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही बंदियों की गतिविधियों की समय-समय पर अद्यतन जानकारी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से समस्त सीसीटीवी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने तथा जेल मैनुअल के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर करागार अधीक्षक राजीव कुमार सिंह, जेलर अजय कुमार झा, डिप्टी जेलर रंजीत सिंह, हरिओम गौड़ व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन