पूजे गए शिल्पी के देवता भगवान विश्वकर्मा : विधि-विधान से हुआ पूजन और हवन, भंडारे में लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Sep 17, 2026
बहराइच। स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड परिसर, आईटीआई, पालीटेक्निक, पुलिस लाइन व डीजल पावर हाउस में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना, हवन तथा प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रेहुआ मंसूर के रामाज्ञा नंद महाराज ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामप्रकाश ने श्रद्धापूर्वक पूजन किया और हवन में आहुति देकर भगवान विश्वकर्मा से रोडवेज कर्मियों एवं यात्रियों के सुख-समृद्धि की कामना की। मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना एवं हवन के उपरांत रोडवेज के मैकेनिक परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। यहां रोडवेज कर्मियों सहित अन्य लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लिया। एआरएम ने कर्मचारियों से निष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। वहीं रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विधि विधान से पूजन किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन में शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूजा-पाठ एवं हवन का आयोजन किया गया। शस्त्रागार में आयोजित पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विधिविधान से श्रद्धापूर्वक पूजन एवं हवन किया तथा शस्त्रों का भी पूजन किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी लाइन कनिष्क आर. जामकर (सहायक पुलिस अधीक्षक), क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन