सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई : डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Oct 30, 2026
अतिक्रमण से मुक्त होंगे मार्ग, सुगम होगा आवागमन
स्कूली वाहनों के फिटनेस की होगी रैण्डम जांच
बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान संचालित कर सड़कों एवं मार्गों को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराएं। डीएम ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि सड़कों पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों के विरूद्ध भी कार्रवाई की जाय। बैठक के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि स्कूल वाहनों के फिटनेस का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी दशा में स्कूली छात्र-छात्राओं के परिवहन हेतु अनफिट वाहनों को उपयोग न होने पाये। डीएम ने एसडीएम व सीओ को निर्देश दिया कि औचक रूप से स्कूलों का भ्रमण कर वाहनों की फिटनेस का जायज़ा ले लें। जिलाधिकारी ने यातायात निरीक्षक को निर्देश दिया कि नगर को जाम की समस्या से निजात दिलाये जाने हेतु प्रभावित क्षेत्रों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें ताकि तद्नुसार कार्यवाही करते हुए सुगम यातायात के लिए आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किये सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन