डीएम व एसपी ने जिला कारागार का किया आकस्मिक निरीक्षण : शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर सतत निगरानी रखी जाए
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Oct 29, 2026
बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कारागार में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार परिसर का विस्तृत भ्रमण किया गया, जिसमें पुरुष बैरक, महिला बैरक, बंदी पाकशाला, क्रीड़ास्थल तथा अस्पताल वार्ड का निरीक्षण शामिल रहा। इस दौरान बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि कारागार का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही बंदियों की गतिविधियों की समय-समय पर अद्यतन जानकारी उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, समस्त सीसीटीवी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने तथा जेल मैनुअल के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे ।
विज्ञापन
विज्ञापन