जंगल किनारे हाथियों का झुंड कैमरे में कैद, वीडियो वायरल : ग्रामीणों में दहशत
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jun 24, 2026
बिछिया, बहराइच। सुजौली रेंज अन्तर्गत ग्राम पंचायत के रामपुर रेतिया गांव में जंगल किनारे हाथियों के झुंड की चहलकदमी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ हाथी सेमल की टहनियां तोड़कर अपनी भूख मिटाते नजर आ रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से इस इलाके में हाथियों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। बीते एक माह में हाथियों ने दो कच्चे मकानों को ध्वस्त कर दिया और कई किसानों की फसल बर्बाद कर दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल में रोकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की गुहार लगाई है। टीम गांव मे वन विभाग के साथ मिलकर गांवों में गोष्ठी करेगी। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को हाथियों से फसल बचाव के उपाय बताना और बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक करना है। प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियघाट अपूर्व दीक्षित ने बताया कि रामपुर रेतिया में गश्त बढ़ाई जाएगी।
पुलिसकर्मियों पर धमकी व गाली गलौज का आरोप
बहराइच। दबंगों के विरूद्ध पुलिस से शिकायत करने पर पुलिसकर्मियों द्वारा उल्टा पीड़ित को ही धमकाने का आरोप लगा है। मामले में पीड़ित द्वारा एसपी को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है। मामला कोतवाली देहात के आदिलपुर का है। जहां अनुज कुमार पुत्र लक्ष्मन द्वारा एसपी को शिकायती पत्र देकर कहा गया है कि बीते 23 जून को चार-पांच लोगों के विरूद्ध थाने पर शिकायत किया था। जिसकी जांच के लिए एक दारोगा व कांस्टेबिल आये थे। जो विपक्षियों के यहां घूमकर उल्टा मुझे ही गाली गलौज देकर फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी दी। मामले में अनुुज कुमार द्वारा एसपी से जांच व कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं मामले में कोतवाली देहात पुलिस का कहना है कि आरोप फर्जी व निराधार है। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए फर्जी आरोप लगाये गए है।
औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोरों पर मारा छापा
अनियमितताएं मिलने पर पांच मेडिकल स्टोरों पर दवा क्रय-विक्रय पर रोक
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे कस्बा रुपईडीहा में बुधवार को औषधि विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई अनियमितताएं पाए जाने पर पांच मेडिकल स्टोरों के औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया। सहायक आयुक्त औषधि देवीपाटन मंडल गोंडा पी.सी. रस्तोगी के नेतृत्व में औषधि विभाग की टीम तथा थाना रुपईडीहा पुलिस की संयुक्त टीम ने कस्बे के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान आकाश मेडिकल स्टोर, आराध्या मेडिकल स्टोर, लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, चंद्रा मेडिकल स्टोर तथा कृष्णा मेडिकल स्टोर की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन मेडिकल स्टोरों पर औषधियों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी। साथ ही संबंधित फर्म संचालकों को निर्देशित किया गया कि अग्रिम आदेश जारी होने तक किसी भी प्रकार की दवाओं की खरीद एवं बिक्री न करें। प्रभारी निरीक्षक थाना रुपईडीहा ने बताया कि औषधियों की बिक्री से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन