एनएचएम कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू : एनएचएम कर्मचारियों ने भरी हुंकार, सीएमओ ऑफिस पर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Oct 9, 2026
बहराइच। एनएचएम संघ के आह्वान पर शुक्रवार सुबह 10 बजे से सीएमओ कार्यालय पर एनएचएम कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। मुख्यालय के साथ-साथ सीएचसी, पीएचसी और विभिन्न कार्यक्रमों के कर्मचारी धरने में शामिल हुए। धरने का नेतृत्व जिलाध्यक्ष डॉ. जुबेर खान और जिला महामंत्री डॉ. प्रभात जायसवाल ने किया। कर्मचारियों ने बताया कि 22 सितंबर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम और सीएमओ को सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। प्रमुख मांगों में 15-20 साल से सेवा दे रहे संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, नियमितीकरण तक समान कार्य-समान वेतन और सम्मानजनक वेतन वृद्धि, कर्मचारी व आश्रित परिवार के लिए 10 लाख तक का फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता, प्रभावी ईपीएफ व नियोक्ता अंशदान, एचआरए, सरकारी आवास, ग्रेच्युटी, सेवा के दौरान मृत्यु पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति शामिल है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 12 अक्टूबर से प्रदेश भर के एनएचएम कर्मचारी इको गार्डन लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। इस दौरान डॉ. एस के सिंह, डॉ. आर हक, डॉ. फराज, डॉ. दीपक गौड़, डॉ. उपेंद्र, पुनीत शर्मा, संतोष सिंह, शक्ति सिंह, अमित पांडे, प्रतिभा सोनकर, अनुराधा, शिखा पाल, सीमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन