छापेमारी कर 9 बच्चे कराए गए मुक्त, 7 नियोक्ताओं पर हुई विधिक कार्रवाई : बाल श्रम के विरुद्ध मोनालिसा जौहरी की कड़ी कार्रवाई
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jul 23, 2026
बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी के नेतृत्व में तहसील प्रशासन नानपारा द्वारा नानपारा नगर क्षेत्र में बाल श्रम के विरूद्ध सघन छापामारी अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान 9 बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया, जबकि 7 प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। एसडीएम श्रीमती जौहरी ने बताया कि राजस्व विभाग, श्रम विभाग, पुलिस विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई व रोज़ संस्थान की संयुक्त टीम द्वारा शिवपुर रोड, बाईपास चौराहा तथा नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में स्थित ऑटो सर्विस सेंटर, वेल्डिंग वर्क्स, प्रोविजन स्टोर, वस्त्रालय एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर नाबालिग बच्चों से कार्य कराए जाने की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल श्रम से मुक्त कराया गया और संबंधित नियोक्ताओं को नोटिस जारी करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। छापामारी की कार्यवाही के दौरान एसडीएम द्वारा लोगों को जागरूक किया गया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी व्यवसाय में कार्य कराना पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा 14 से 18 वर्ष आयु के किशोरों से खतरनाक कार्य कराना भी कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी नियोक्ताओं के विरुद्ध जुर्माना एवं कारावास का प्रावधान है।
विज्ञापन
विज्ञापन