टेक होम राशन उत्पादन इकाईयों को समय से किया जाय भुगतानः डीएम : शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
Kunwar Diwakar Singh
Sun, May 25, 2025
बहराइच। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एस.आर.एल.एम.) अन्तर्गत जनपद में टेक होम राशन (टी.एच.आर.) के उत्पादन हेतु स्वयं सहायता समूहों के अन्तर्गत संचालित 08 उत्पादन इकाईयों के भुगतान के सम्बन्ध में शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर ने बताया कि पूर्व सम्बन्धित इकाईयों को मुख्यालय स्तर से भुगतान करने की व्यवस्था थी। परन्तु माह जनवरी से जनपद स्तर पर भुगतान किये जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। डीपीओ श्री कपूर ने बताया कि इकाईयों के भुगतान हेतु माह मार्च में बजट तथा भुगतान के सम्बन्ध के सम्बन्ध में विस्तृत दिशा निर्देश तथा कटौतियों के सम्बन्ध में शासन स्तर से जारी मानक प्रचालन प्रक्रिया (एस.ओ.पी.) प्राप्त हुई है। जिसके क्रम में 08 इकाईयों के 16 बिलो के भुगतान की स्वीकृति हेतु बैठक आहूत की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से उत्पादन इकाईयों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर की गई आपूर्ति की क्रास चेकिंग करा ली गई है। जबकि पूर्व में इकाईयों पर उत्पादन बन्द होने के कारण स्वीकृति के उपरान्त सम्बन्धित इकाईयों को नियमानुसार 50 प्रतिशत का भुगतान पूर्व में किया जा चुका है। डीएम ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं भी आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें तथा पंचायत सचिवों के माध्यम से भी निरीक्षण कराकर यह सुनिश्चित करें कि आंगनबाड़ी केन्द्र नियमित रूप से खुले तथा लक्षित वर्ग को शासन की मंशानुरूप लाभ प्राप्त हो। अपने-अपने क्षेत्रों में यह भी सुनिश्चित करें कि कहीं पर फर्जी तरीके से जन्म-मृत्यु एवं आधार कार्ड न बनने पायें। सभी प्रकार की पेंशन सत्यापन से सम्बन्धित कार्य को पूर्ण कर विभागों को आख्या उपलब्ध करा दें। अन्त्योदय कार्ड एवं राशन कार्ड में उल्लिखित लोगों का सत्यापन करा लें। डीएम द्वारा खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की अत्यन्त महत्वाकांक्षी योजना जीरो पावर्टी अन्तर्गत सरकार प्रदेश की मुशानुसार निवासरत सभी निर्धन परिवारों को भोजन व वस्त्र की समुचित उपलब्धता, अच्छी शिक्षा, चिकित्सा व मकान की सुविधा उपलब्ध कराये जाने हेतु चिन्हित लोगों को सभी सम्बन्धित योजनाओं से आच्छादित कराया जाय। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी व बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन