बच्चों ने मेले में लगाईं दुकानें : खरीदारी के साथ सीखा व्यापार का हुनर
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Nov 15, 2026
उर्रा, बहराइच। एसपीवीपी इंटर कॉलेज सेमरहना में 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तरह-तरह की दुकानें सजाईं। मेले में चाट-पकौड़ी, विभिन्न खाद्य पदार्थों, खिलौनों, कॉपी-किताबों सहित दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं की दुकानें लगाई गईं। बच्चों ने स्वयं दुकानदार की भूमिका निभाते हुए सामान की बिक्री और खरीदारी की। मेले में बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, लेन-देन और व्यापारिक गतिविधियों की समझ विकसित करने का अवसर मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित इस बाल मेले में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने अपनी-अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया और ग्राहकों को सामान खरीदने के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर एसपीवीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दुर्गेश कुमार, एसपीपी इंग्लिश मीडियम के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार गुप्ता, शिक्षिका नसीमा, शिक्षक मनोज कुमार, विपिन कुमार, आशु सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन