छठ पूजा पर दिखी रमणीय छटा : श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Nov 15, 2026
रूपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नगर पंचायत रूपईडीहा में आस्था के महापर्व छठ पूजा पर ऐतिहासिक हनुमान सरोवर का माहौल भक्ति मय एवं दर्शनीय रहा। डूबते हुए सूर्य को अर्ध्य देने के लिए सरोवर तट पर हजारों श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा। पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से छठी मईया की पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठ पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। शाम चार बजे से व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के घाट पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पुरुष सदस्य सिर पर पूजन सामग्री से सजे डाले लेकर घाटों तक पहुंचे। पूजन के लिए सजे डालों में गन्ना, विभिन्न मौसमी फल, बिजौरा नींबू, मूली, शलजम, अदरक, ठेकुआ, गुलगुले, पूड़ी, गुड़ और मिष्ठान सहित पारंपरिक प्रसाद रखे गए थे। जैसे ही सूर्यास्त का समय हुआ, पूरा सरोवर परिसर छठी मईया के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सांसद अक्षैयवर लाल गोंड ने छठ पूजा समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मदेशिया, कोषाध्यक्ष रिंकू अवस्थी, राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शुक्ला तथा आयोजन में जुटे सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालुओं का एक स्थान पर जुटना हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का परिचायक है। उन्होंने सभी व्रती महिलाओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज जय प्रकाश सिंह, अजय मिश्रा, देवेंद्र पाठक, सभासद राजकुमार गुप्ता, रतन अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, विजय मित्तल, सनत कुमार शर्मा, राजू अग्रवाल, बलराम शुक्ला, राजू सिंह, बलराम मिश्रा, देवी प्रसाद मदेशिया व एस.के.मदेशिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन