सराहे गये बच्चों के स्टाल व प्रदर्शनी, दिखाई प्रतिभा : विज्ञान के मॉडलों के जरिए बच्चों ने प्रस्तुत की रचनात्मक सोच
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Nov 14, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। सीमांत इंटर कॉलेज रुपईडीहा में शनिवार को बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न प्रकार के खानपान, खेलकूद और मनोरंजन से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक क्षमता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल अगैया के कमांडेंट जी.सी.पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रुपईडीहा के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा मौजूद रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए स्टॉल और विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बाल मेले में कक्षा पांच से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अलग-अलग स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा और हुनर का परिचय दिया। मेले में स्कूप गेम, टैलेंट हंट और बज वायर जैसे मनोरंजक खेलों के साथ पॉपकॉर्न, शुगर कैंडी, गुलाब जामुन, इडली, वेज सैंडविच, पानी पूरी सहित तरह-तरह के व्यंजन के स्टाल लगाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामूहिक कार्य करने की सीख भी मिली। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन