भीषण आग से तीन घर जलकर खाक, एक भैंस भी झुलसी : कई गरीब परिवार बेघर, प्रशासनिक मदद अब तक नदारद
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Jul 5, 2026
महसी, बहराइच। रविवार सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग के चलते तीन ग्रामीणों के घर जल कर स्वाहा हो गए। आग से घर गृहस्थी का सामान, दस हजार की नगदी व एक भैंस भी झुलस गई। घटना रविवार सुबह 7 बजे तहसील महसी के ग्राम पंचायत मुरौवा के तिगड़ा की है। आग पर ग्रामीणों ने किसी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक गांव के कई गरीब परिवारों के आशियाने जलकर राख हो चुके थे। पीड़ित परिवार कटान पीड़ित है व घाघरा की कटान के बाद नदी किनारे छप्पर रखकर किसी तरह परिवार का गुजर बसर कर रहे थे। आग की चपेट में तीन चार छप्परनुमा घर आ गए। जिनमें शमरेश सिंह, दुर्गेश व भोंदू समेत अन्य ग्रामीणों के मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में आकर शमरेश की एक भैंस भी झुलस गई। आग के चलते लगभग दस हजार की नगदी और घर गृहस्थी का सामान खाक हो गया। जलते घरों को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग अपनी गृहस्थी बचाने के लिए जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में जुटे रहे। गांव वालों के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि घटना के समय लोग अपने घरों में थे और अचानक उठती लपटें देखकर बाहर भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। कई परिवारों का राशन, कपड़े, चारपाई, अनाज और जरूरी कागजात सब जलकर नष्ट हो गए, जिससे पीड़ित परिवार पूरी तरह बेघर और असहाय हो गए हैं। गंभीर बात यह है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई ठोस सहयोग नहीं मिला है न तो राजस्व टीम पहुंची है और न ही किसी तरह की तत्काल राहत सामग्री, टेंट, भोजन या आर्थिक सहायता मुहैया कराई गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल आगजनी की घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण समय पर मदद नहीं मिलती है।
55 वर्षीय महिला को मगरमच्छ ने बनाया निवाला, सरयू नहर से मिला शव
शादी समारोह में शामिल होने जो रही थी महिला
बिछिया, बहराइच। शादी समारोह में शामिल होने निकली 55 वर्षीय महिला को मगरमच्छ ने अपना निवाला बना लिया। महिला का शव सरयू नहर से मिला। जनपद बहराइच के थाना सुजौली व रेंज निशानगाड़ा अंतर्गत सरयू नहर में मगरमच्छ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। मगरमच्छ महिला का एक पैर खा चुका था और शरीर पर कई गहरे जख्म थे। मृतका की पहचान केतकी उम्र 55 वर्ष पत्नी रमेश निवासी मोहकमपुरवा, ग्राम पंचायत चफरिया’ के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि केतकी शनिवार शाम पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। रातभर घर न लौटने परिजन परेशान थे। रविवार सुबह लगभग 9 बजे सरयू नहर के 10 नंबर पुल से लगभग 600 मीटर दूर रमपुरवा गांव के पास ग्रामीणों ने नहर में एक मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमपुरवा विनोद वर्मा ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ के चंगुल से शव को छुड़ाकर बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने एसआई मारकंडे मिश्रा और सत्तार को मौके पर भेजा। लेखपाल अरुण कुमार व ग्राम प्रधान चफरिया अजीज अहमद ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। महिला का शव घर से करीब 3 किलोमीटर दूर बरामद हुआ। पुलिस टीम ने लेखपाल व ग्राम प्रधान की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर परिजन पहुंचे और रोते-बिलखते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन