तेंदुए ने बकरे को उठाकर पीपल के पेड़ पर ले जाकर खाया : ग्रामीणों में दहशत
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jul 16, 2026
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के भवानीपुर गांव में बुधवार शाम को तेंदुए ने खेत में चर रहे रूस्तम के बकरे पर हमला कर दिया। गजमित्र जलील के अनुसार तेंदुआ बकरे को उठाकर पास स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गया और करीब एक घंटे तक वहीं बैठकर उसे खाता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और शोर-शराबा कर हाँका लगाया। ग्रामीणों के शोर से घबराकर तेंदुआ बकरे के शव को पेड़ पर ही छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पेड़ पर चढ़कर बकरे के शव को नीचे उतारा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेन्जर आशीष गौड़ ने ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर बांधने की सलाह दी है।
रामपुरवा-मटेही में संयुक्त रात्रि पेट्रोलिंग
हाथी की सूचना से ग्रामीणों में अलर्ट, वन विभाग ने दिए सुरक्षा टिप्स
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत रामपुरवा-मटेही एवं आजमगढ़पुरवा गांव में बुधवार रात वन विभाग और न्यूज नेचर एनवायरनमेंट वाइल्डलाइफ सोसाइटी की टीम ने संयुक्त रूप से रात्रि पेट्रोलिंग की। इस अभियान में रामपुरवा-मटेही के करीब 40 से 50 महिला और पुरुष गजमित्रों ने भी हिस्सा लिया। टीम ने गांव की सीमाओं, खेतों और जंगल से सटे इलाकों में गश्त कर ग्रामीणों को जागरूक किया। पेट्रोलिंग के दौरान रामपुरवा के मुखिया के फार्म हाउस के पास एक हाथी के निकलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वनकर्मियों और गजमित्रों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी। न्यूज के प्रतिनिधि ने कहा कि बरसात का समय चल रहा है और धान की फसल धीरे धीरे बढ़ना शुरू हो गया है। हाथियों के गांव की ओर आने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए रात में टॉर्च, सीटी और तेज आवाज वाले उपकरण साथ रखें। हाथी दिखने पर शोर न मचाएं, दूरी बनाएं। ग्रामीणों ने संयुक्त पेट्रोलिंग की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें सुरक्षा का अहसास हुआ है। वन विभाग ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में गश्त लगातार जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन