नेपाल सीमा पर 23.30 लाख नेपाली मुद्रा बरामद : दो संदिग्धों से पूछताछ जारी
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Aug 3, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। रुपईडीहा कस्बे में पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 23,30,150 रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद की है। बरामद धनराशि के स्रोत और उसके संभावित उपयोग की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना पुलिस ने उमाशंकर तिवारी पुत्र भगौती प्रसाद तिवारी निवासी सिंघानिया मिल, कस्बा थाना रुपईडीहा तथा संजय अग्रवाल पुत्र स्व. संतराम अग्रवाल निवासी तिकोनिया (बीएसएनएल टावर के पास) जनपद लखीमपुर खीरी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद एक कपड़े के झोले में प्लास्टिक की काली पन्नी के भीतर बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा बरामद हुई। बरामदगी में 1000 नेपाली रुपये के 20 बंडल एवं 79 अतिरिक्त नोट, 500 नेपाली रुपये के 5 बंडल तथा 100 और 50 नेपाली रुपये मूल्यवर्ग के नोट शामिल हैं। बरामद नेपाली मुद्रा का कुल मूल्य 23,30,150 रुपये आंका गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति बरामद धनराशि के स्रोत, उसके परिवहन के उद्देश्य अथवा उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने नेपाली मुद्रा को नियमानुसार कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक जितेश कुमार सिंह, आरक्षी मनोज कुमार वर्मा एवं आरक्षी सुभेन्द्र चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विज्ञापन
विज्ञापन