दुर्गा पूजा और रामलीला को लेकर थानाध्यक्ष ने दी हिदायत : पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के दिए निर्देश
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Oct 3, 2026
बौंडी, बहराइच। दुर्गा पूजा और रामलीला को लेकर शनिवार को बौंडी थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता थानाध्यक्ष संजीव कुमार वर्मा ने की। बैठक में दुर्गा प्रतिमा और रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के आयोजक व गणमान्य लोग मौजूद रहे। थानाध्यक्ष ने दुर्गा प्रतिमा संचालकों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और वालंटियर तैनात कर लगातार निगरानी कराने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी आयोजक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहें और किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। बौंडी पुलिस की ओर से सभी प्रतिमा संचालकों को बारकोड के माध्यम से एक ग्रुप से जोड़ा जा रहा है। इस ग्रुप के जरिए किसी भी समस्या की सूचना तत्काल साझा की जाएगी। साथ ही आयोजकों को प्रतिदिन कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित फोटो व वीडियो ग्रुप में भेजने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में इस वर्ष 25 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जबकि दो स्थानों पर रामलीला का आयोजन होगा। उन्होंने आयोजकों को निर्धारित मानकों का पालन करने और डीजे की आवाज तेज न बजाने की हिदायत दी। साथ ही आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में खैरा चौकी प्रभारी दीपेंद्र सिंह, एसआई प्रदीप गंगवार, एसआई ब्रह्मदेव पांडेय, ध्रुप नारायण सिंह, हीरालाल साहू समेत आयोजक मंडल के राकेश पाल, कमलेश चौहान, अनुराग पाठक, मुकेश मिश्रा, योगेंद्र यादव, चंद्र प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन