कुर्सी से उतर कर दिव्यांग करन के पास पहुंचे डीएम, सुनी फरियाद : कुशल क्षेम पूछा तथा पीएम आवास व ट्राई साईकिल से लाभान्वित करने के दिये निर्देश
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Oct 3, 2026
डीएम की अध्यक्षता में तहसील पयागपुर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
आंधी-पानी से प्रभावित लोगों को अनुदान दिलाये जाने के दिये निर्देश
बहराइच। सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में माह अक्टूबर के प्रथम शनिवार को तहसील पयागपुर में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर डीएम ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, एसडीएम पयागपुर संजय कुमार पाण्डेय, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ आये हुए फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई की और निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौके पर जाकर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाय। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा भी डीएम से शिष्टाचार भेंट की गई। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील पयागपुर में जनसुनवाई के दौरान ग्राम असैला निवासी दिव्यांग करन को देखते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वयं कुर्सी से उतर फरियादी तक पहुंचकर उसकी समस्या को सुना तथा कुशल क्षेम भी पूछा। डीएम ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि सर्वें कराकर दिव्यांग करन को प्रधानमंत्री आवास योजना तथा ट्राईसाइकिल से लाभान्वित कराया जाय। तहसील दिवस में ज्यादातर शिकायतें ऐसी प्राप्त हुई जिसमें आंधी-पानी के दौरान खेतों में गिरने वाले पेड़ों इत्यादि से सम्बन्धित थे। डीएम ने निर्देश दिया कि राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर ऐसे मामलों का निस्तारण कराये। उल्लेखनीय है कि तहसील पयागपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में यहां पर प्राप्त हुए 152 प्रार्थना-पत्रों में से 18 का निस्तारण मौके पर किया गया। इसी प्रकार तहसील सदर बहराइच में प्राप्त 27 के सापेक्ष 02, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 18 के सापेक्ष 02, नानपारा में प्राप्त 34 के सापेक्ष 03, कैसरगंज में प्राप्त 72 के सापेक्ष 08 व महसी में प्राप्त 52 प्रार्थना-पत्रों के सापेक्ष 04 का मौके पर निस्तारण किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन