बचे हुए वन बस्ती ग्रामों को राजस्व ग्राम करने की मांग : शांतिपूर्ण गांधीवादी रास्ते पर चलकर हम सभी को आंदोलन करना चाहिए
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Oct 2, 2026
बहराइच। मोतीपुर तहसील अंतर्गत गिरिजापुरी में सेवार्थ फाउंडेशन ट्रस्ट कार्यालय पर गांधी जयंती मनायी गयी। बड़ी संख्या में उपस्थित वन निवासियों ने सर्वप्रथम गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उनके प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम गाया गया। इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया। सामाजिक कार्यकर्ता जंग हिंदुस्तानी ने कहा कि जहां एक ओर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हमें सत्य अहिंसा के माध्यम से आजादी प्राप्त करना सिखाया, वहीं दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान जय किसान के नारे से जवानों और किसानों का सम्मान किया। वन अधिकार आंदोलन के अध्यक्ष शंकर सिंह ने कहा कि हमारे वन ग्रामों की लड़ाई सदैव से ही गांधीवादी रही है और हमने कभी भी कोई हिंसक रास्ता नहीं अपनाया। आज हमारे क्षेत्र के लोगों को जो भी अधिकार प्राप्त हुए हैं वह गांधी जी के बताए हुए अहिंसा के रास्ते से ही प्राप्त हुए हैं। वन अधिकार आंदोलन के महासचिव सूरज देव ने कहा कि बाकी बचे हुए वन बस्ती ग्रामों को राजस्व ग्राम करने के लिए हमें निरंतर प्रयास करना चाहिए और शांतिपूर्ण गांधीवादी रास्ते पर चलकर आंदोलन करना चाहिए। महिला नेत्री श्रीमती कांति देवी ने कहा कि गोरे अंग्रेज से ज्यादा काले अंग्रेज लोगों को कष्ट दे रहे हैं। इनसे आजादी पाने के लिए लगातार कार्य करना होगा। बैठक में रामपुरवा, सुकड़ीपुरवा, रामपुर रेतिया, हल्दी प्लाट, टेडिया, ढकिया कैलाश नगर, निषाद नगर तथा भवानीपुर बिछिया गांव के सैकड़ों महिला पुरुष मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन