स्मार्ट ग्राम भरतपुर का 80 प्रतिशत निर्माण कार्य हुआ पूरा : 20 नवम्बर तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Oct 24, 2026
डीएम ने स्मार्ट कालोनी का किया निरीक्षण
विस्थापित परिवारों को शीघ्र की मिलेगी सपनों के घर की सौगात
बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की गोद में बसे जनपद के दूरस्थ ग्राम भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए ग्राम सेमरहना में विकसित किये जा रहे स्मार्ट गांव भरतपुर का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता व अन्य अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आवासीय योजना, विद्युत, सड़क, बाउण्ड्रीवाल के निर्माण कार्य की प्रगति अच्छी पायी गयी। जबकि कार्यदायी संस्था जिला पंचायत द्वारा निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य उप केन्द्र के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पाये जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया मैनपावर व संसाधन में वृद्धि कर प्रगति में सुधार लाया जाय। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने निर्देश दिया कि जिन आवासों का कार्य पूर्ण हो गया है उनके रंग-रोगन का कार्य प्रारम्भ करा दिया जाय। डीएम ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में 31 अक्टूबर तक छत की ढलाई का कार्य पूर्ण करते हुए सभी कार्यों को 20 नवम्बर तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाय। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह व ग्रामीण के दुर्गा प्रसाद, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रा.ख. प्रदीप कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन