डाक्टर की लापरवाही से युवक की मौत : लीपापोती में लगा हॉस्पिटल प्रशासन
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jul 28, 2026
नानपारा, बहराइच। श्री साईं हेल्थ केयर सेंटर में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में तहरीर देकर अस्पताल संचालक और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राजकुमार मिश्रा पुत्र रामबचन मिश्रा निवासी प्रीतमपुरवा, दखिन गंगापुर थाना रूपईडीहा ने कोतवाली प्रभारी नानपारा को प्रार्थना पत्र दिया है। उनके अनुसार वे अपने भाई सर्वेश कुमार मिश्रा पुत्र रामबचन मिश्रा निवासी बालापुर, दखिन शिवपुर सेमरा को पथरी के ऑपरेशन के लिए श्री साईं हेल्थ केयर सेंटर निकट नई तहसील नानपारा लेकर आए थे। आरोप है कि डॉ. अमित रंजन गौड़ द्वारा प्राथमिक उपचार के दौरान कोई इंजेक्शन देने के बाद सर्वेश की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद डॉ. गौड़ व अन्य डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने से इंकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि बिल्कुल मृत्य अवस्था में मरीज को उनके निजी वाहन से बहराइच रेफर कर दिया गया। बहराइच पहुंचने पर वहां के डॉक्टरों ने पहले से ही मृत घोषित करते हुए एडमिट करने से इंकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस श्री साईं हेल्थ केयर सेंटर नानपारा आ गए। पीड़ित ने अस्पताल संचालक डॉ. अमित रंजन गौड़ और अन्य डॉक्टरों के विरुद्ध उचित विधिक कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद हॉस्पिटल प्रशासन लीपापोती में लगा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन