इंटर्नशिप कार्यक्रम में शामिल विधि छात्र-छात्राएं हुई सम्मानित : प्रमाण-पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Jul 10, 2026
बहराइच। भावी विधि व्यवसायियों को न्यायिक व्यवस्था, विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्रणाली से व्यावहारिक रूप से परिचित कराये जाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए 01 जून से आयोजित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इंटर्नशिप कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बहराइच के सचिव विनोद कुमार यादव द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम को सफल बनाने में लीगल एड डिफेन्स काउंसिल का सराहनीय सहयोग रहा। इंटर्नशिप कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) की विभिन्न योजनाओं, लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता, प्री-लिटिगेशन सुलह, विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रमों तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इंटर्न्स को न्यायालय परिसर का भ्रमण कराया गया तथा उन्हें विभिन्न न्यायालयों की कार्यवाही का अवलोकन करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त उन्हें केस स्टडी, विधिक अनुसंधान, ड्राफ्टिंग, जन-जागरूकता कार्यक्रमों एवं विधिक सहायता शिविरों मंप सहभागिता का अवसर प्रदान किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन