मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को ग्रामीणों को दिए जरूरी टिप्स : रामपुरवा मटेही गांव में वन विभाग की गोष्ठी का आयोजन
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jul 14, 2026
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत रामपुरवा मटेही गांव में सोमवार को ग्राम प्रधान के आवास पर वन विभाग द्वारा एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना था। गोष्ठी में गजमित्र, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वन क्षेत्राअधिकारी शिव प्रसाद ने टीम के साथ मिलकर ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि फसल कटने के बाद हाथी, तेंदुआ और अन्य जानवर भोजन की तलाश में गांवों की ओर आ जाते हैं। इससे बचने के लिए कुछ जरूरी टिप्स दिए गए। रात में अकेले खेत या जंगल की तरफ न जाएं। मवेशियों को सुरक्षित बाड़े में रखें और रात में टॉर्च साथ रखें। हाथी या अन्य वन्यजीव दिखने पर शोर न मचाएं, दूरी बनाकर रखें, कचरा और खाने की चीजें खुले में न फेंकें, जिससे जानवर गांव में आकर्षित न हों। ग्राम प्रधान ने वन विभाग के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसी गोष्ठियों से ग्रामीणों को काफी मदद मिलेगी। वन विभाग ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में गश्त और गजमित्रों की तैनाती लगातार जारी रहेगी, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन