कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया बीट में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई : वन विभाग ने निजी रिजॉर्ट तक जाने वाले कच्चे रास्ते पर खाई खुदवाकर किया बंद
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Jul 17, 2026
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट रेंज की बिछिया बीट में स्थित कुछ निजी रिजॉर्ट संचालकों द्वारा मुख्य मार्ग के बजाय जंगल के अंदर से अवैध रास्तों का इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें लंबे समय से उच्च अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। आरोप है कि कुछ रिजॉर्ट मालिक पर्यटकों को शॉर्टकट के नाम पर जंगल के भीतर से आने-जाने का रास्ता दिखा रहे थे, जिससे वन क्षेत्र और वन्यजीवों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वन विभाग हरकत में आया और जंगल के भीतर बने अवैध रास्तों को बंद करने के लिए खाई खुदवाने की कार्रवाई शुरू कर दी। शुक्रवार को रेंजर कतर्नियाघाट आशीेष गौड़ ने गिरिजापुरी कालोनी के सामने से जमुनिहा गाँव में जंगल के किनारे स्थित एक निजी रिजार्ट तक जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते पर खांई खुदवाकर उसे बंद कर दिया है। वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों और अन्य लोगों को केवल निर्धारित मुख्य मार्ग से ही आवागमन करना चाहिए। जंगल के भीतर अवैध रास्ते बनाना और उनका उपयोग करना नियमों के विरुद्ध है। इससे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन