युवाओं के प्रेरणाश्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती मनायी गई : सेनानी उत्तराधिकारियों ने विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन करने के लिए स्वामी विवेकानंद की भूरि भूरि प्रशंसा की
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Jul 4, 2025
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में आधुनिक भारत को समृद्धिशाली बनाने में युवाओं के प्रेरणाश्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती मनायी गई। कार्यक्रम में सेनानी उत्तराधिकारियों ने विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन करने के लिए स्वामी विवेकानंद की भूरि भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एक महान दार्शनिक और ओजस्वी संत थे। उन्होंने अपने गुरु के सम्मान में रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन राज्य इकाई उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 25 वर्ष की आयु में संन्यास ले लिया और उनका नाम स्वामी विवेकानंद पड़ा। एक परतंत्र भारत देश के नागरिक होने के बावजूद अपने धर्म और संस्कृति का पक्ष जिस तरीके से उन्होंने अमेरिका में रखा वह आज भी भारतीय जनमानस के लिए अविस्मरणीय है। उनका जन्मदिन युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। समाजसेवी सूफियान अली ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की शिक्षाएं ज्ञान का खजाना है वे आत्मविश्वास, ज्ञान की खोज, आत्म सुधार, दूसरों की सेवा और सार्वभौमिक भाईचारे के महत्व पर जोर देते थे। सेनानी उत्तराधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करके उनके सपनों का महान सांस्कृतिक भारत के निर्माण के संकल्प के साथ कार्यक्रम समाप्त किया। कार्यक्रम में अमित त्रिपाठी, बजरंगी लाल श्रीवास्तव, विनोद त्रिपाठी, फनाज अहमद सहित तमाम देश भक्त मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन