मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन : थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाएः एसपी
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jul 20, 2026
बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी द्वारा कहा गया कि पीड़ितों को शीघ्र एवं प्रभावी न्याय दिलाने हेतु बेहतर पुलिसिंग आवश्यक है। जिसके दृष्टिगत समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु रात्रि गश्त को नियमित एवं प्रभावी बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। थानों पर लंबित विवेचनाओं, विशेषकर एससी/एसटी एक्ट, महिला संबंधी अपराधों एवं पॉक्सो एक्ट, चोरी, लूट व अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कार्ययोजना बनाकर गुण-दोष के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। गोष्ठी के अंत में एसपी द्वारा सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक तथा शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन