तेल टैंकर व डंपर की आमने-सामने भिड़न्त : डंपर चालक गंभीर रूप से घायल तेल टैंकर का चालक मौके से फरार
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jul 2, 2026
बहराइच। तेल टैंकर व डंपर की आमने-सामने भिड़न्त हो गई। हादसे के बाद तेल टैंकर तटबंध के नीचे खाई में पलट गया। घटना गुरूवार सायं करीब पांच बजे खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेलहा-बेहरौली तटबंध पर हुआ। जिसमें डंपर चालक गंभीर रूप घायल हो गया। जबकि तेल टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ से नेपाल डीजल लेकर जा रहा टैंकर एन ए 07 केएचए 0734 व नानपारा की ओर से आ रहा डंपर यूपी 42 डीटी 5139 बेलहा-बेहरौली तटबंध पर आमने सामने टकरा गए। टक्कर इतना भीषण था कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक अंदर फंस गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों वाहनों की गति काफी तेज थी। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद डंपर चालक राम रतन निवासी सिसोलर जनपद हमीपुर को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए सीएचसी शिवपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि क्रेन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि टैंकर चालक फरार है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन