मछुआ बाहुल्य ग्रामों में निर्मित होंगे उत्सव भवन : डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Jul 3, 2026
बहराइच। मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना अंतर्गत मछुआ बाहुल्य ग्राम में उत्सव भवन बनाए जाने के लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में शुक्रवार की शाम विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य बाबू राम ने बताया कि जनपद के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मछुआ बहुल्य ग्राम में एक-एक उत्सव भवन बनाये जाने हेतु खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से प्रस्ताव आमंत्रित किये गये थे। जिला कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र पयागपुर से ग्राम पंचायत भंगहा, विधानसभा क्षेत्र कैसरगंज से विकास खण्ड फखरपुर की ग्राम पंचायत सिंगरो तथा विधानसभा क्षेत्र महसी हेतु विकास खण्ड तेजवापुर के ग्राम पंचायत चंदनपुर सिकड़िया में उत्सव भवन बनाए जाने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ। रू. 1.41 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले उत्सव भवन में सार्वजनिक कार्यक्रम हेतु एक हाल, तीन कमरे, दिव्यांगजन के हितैषी हेतुः भूतल पर एक कमरा, पुरुष व महिला के लिए अलग-अलग शौचालय, मंडप एवं स्टेज बनाए जाने का प्रावधान है। जिला स्तरीय समिति द्वारा प्राप्त हुए प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया। डीएम ने जिला कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रस्ताव के साथ ही शासन से बजट की मांग हेतु पत्र भी भेजवाया जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, अधि.अभि. लो.नि.वि., अधि.अभि. विद्युत, जिला पंचायत राज अधिकारी, मत्स्य निरीक्षक तथा सम्बन्धित ग्राम पंचायतों के प्रधान मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन