कीचड़ भरे रास्तों से गुजरने को मजबूर लोग : नगर पंचायत रूपईडीहा में अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के विवाद में थमा विकास
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jun 30, 2026
रूपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा में नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के बीच चल रहे विवाद का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, जिससे नगर क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं। हल्की बारिश होते ही कई मोहल्लों की सड़कें कीचड़ और जलभराव से भर जाती हैं। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। एक जुलाई से विद्यालय खुलने जा रहे हैं, ऐसे में स्कूली बच्चों को भी कीचड़ और पानी से भरे रास्तों से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी जाते हैं। सबसे अधिक समस्या नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 दीन दयाल नगर क्षेत्र में है। जहां फकीरे चिकवा के घर से कौशलेंद्र पांडे के प्लांट तक लगभग 150 मीटर सड़क आज तक नहीं बन सकी है। स्थानीय निवासी कल्लू, चुनाऊ मिस्त्री, गुड्डू, सगीर और गोपाल सहित अन्य लोगों का कहना है कि इस सड़क के अभाव में लगभग एक हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार नगर पंचायत अध्यक्ष तथा अधिशासी अधिकारी को लिखित एवं मौखिक रूप से प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो यह मोहल्ला नगर पंचायत का हिस्सा ही न हो। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर पंचायत के दो जिम्मेदार अधिकारियों के आपसी विवाद में विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है और इसका सबसे बड़ा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर रुके हुए विकास कार्यों को शुरू कराने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन