स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनायें : साफ-सफाई के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Aug 22, 2026
बहराइच। विकास खण्ड मिहींपुरवा के कारीकोट में शनिवार को एसबीआई फाउण्डेशन एवं पंख द्वारा संचालित एसबीआई संजीवनी मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं उपस्थित अध्यापकगण को स्वच्छता एवं साफ-सफाई के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को बताया गया कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र की नियमित साफ-सफाई रखने, कूड़े को उचित स्थान पर डालने, खुले में शौच न करने, शौचालय का उपयोग करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के बारे में जागरूक किया गया। लोगों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, हाथों को साबुन से धोने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने तथा अपने आसपास जलभराव एवं गंदगी न होने देने के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में कीटनाशक दवा एवं खरपतवारनाशक दवा का छिड़काव भी किया गया। दवाओं के उपयोग के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से स्वच्छता संबंधी चर्चा, प्रश्नोत्तरी, समूह गतिविधि एवं स्वच्छता शपथ जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। उपस्थित लोगों एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सहयोग किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में कुल 207 लोगों ने सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों को अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा परिवार एवं समुदाय के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम स्तर के सहयोगियों, अध्यापकगण एवं मोबाइल मेडिकल टीम के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस मौके पर प्रोजेक्ट कोआडिनेटर अंकित मिश्र, मेडिकल आफिसर डा. सुधीर कुमार वर्मा, नर्सिग स्टाफ अनुज प्रताप सिंह, फार्मेसिस्ट प्रिंस मिश्र, लैब टेक्नीशियन विजय कुमार प्रजापति व चालक नवजोत सिंह मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन