नेपाली नागरिकों को भारत से घरेलू सामान ले जाने में हो रही कठिनाई : भारत से पांच सौ रूपये तक के घरेलू सामान नेपाल ले जाने की छूट के बावजूद सीमा पर सख्ती
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Jul 10, 2026
सरकार के आदेशों का सीमा पर प्रभावी ढंग से कराया जाए पालन
नेपाली नागरिकों में नाराजगी
रूपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल के जमुनहा सीमा पर नेपाल सरकार के आदेश के बावजूद आम नेपाली नागरिकों को भारत से घरेलू उपयोग का सामान नेपाल ले जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सीमा क्षेत्र के कई नेपाली नागरिकों ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि नेपाल सरकार द्वारा 500 रूपये तक के घरेलू उपयोग के सामान को बिना रोक-टोक ले जाने की अनुमति दिए जाने के बावजूद सीमा पर तैनात नेपाली सुरक्षाकर्मी पांच किलो आलू, सब्जी तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त कर रहे हैं और लोगों को डांटकर वापस भेज दिया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेपाल सरकार ने यह व्यवस्था सीमा पर तस्करी रोकने और आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से लागू की थी, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है। नेपालगंज के कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि सीमा पर की जा रही सख्ती के पीछे नेपाल के व्यापारिक संगठनों का दबाव भी एक कारण हो सकता है। कई मामलों में सामान का कस्टम करने के बजाय लोगों का सामान या तो जब्त कर लिया जाता है या तो वापस लौटा दिया जाता है। सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों ने नेपाल सरकार से मांग की है कि सरकार के आदेशों का सीमा पर प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन