भूसी लदी डीसीएम और सीमेंट लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत : डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jul 23, 2026
संजय सेतु के दोनों तरफ गाड़ियों की लगी रही लंबी कतार
जरवलरोड, बहराइच। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा घाट स्थित संजय सेतु पर बुधवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुल के ठीक बीचों-बीच भूसी लदे डीसीएम और सीमेंट लदे एक ट्रक की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। जानकारी के मुताबिक डीसीएम लखनऊ की तरफ जा रही थी जबकि ट्रक बहराइच की तरफ आ रहा था। इस हादसे में डीसीएम चालक 40 वर्षीय बृजेश कुमार पुत्र तिरखाराम, निवासी नया गांव चोरा बारी थाना खरगूपुर, जिला गोंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुल के बीचों-बीच दुर्घटना होने के कारण संजय सेतु के दोनों ओर लखनऊ-बहराइच हाईवे पर तीन घंटे तक करीब 3 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग रहा। घायल को तुरंत एंबुलेंस के जरिए निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चालक बृजेश कुमार की हालत बेहद गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच के लिए रेफर कर दिया। वही हादसे के बाद संजय सेतु के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं,। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार रात करीब ढाई बजे संजय सेतु पर वाहनों का आवागमन दोबारा शुरू हो सका।
विज्ञापन
विज्ञापन