ककरहा गांव में रात 11 बजे पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ : ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jul 21, 2026
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट रेंज के लोधन पुरवा गांव में एक ग्रामीण की मौत के बाद लगाए गए वन विभाग के पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। कुछ दिन पहले शौच के लिए गए करीब 80 वर्षीय ग्रामीण राम पर तेंदुए ने हमला कर दिया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था, जिसमें अब तेंदुआ पकड़ लिया गया है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककराह रेंज अंतर्गत ककरहा गांव के अहीरनपुरवा मजरे में बीती रात वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद पूरे गांव में फैली दहशत कुछ कम हुई है। रेन्जर के.के.सिंह के अनुसार रात करीब 11 बजे पिंजरे में तेंदुए के फंसने की आवाज सुनाई दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। रेंजर के.के.सिंह वन टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने पिंजरे को सुरक्षित तरीके से रेंज कार्यालय लाया। पकड़ा गया तेन्दुआ मादा है उसकी उम्र लगभग 6 वर्ष है। रेंजर के.के.सिंह ने बताया कि तेंदुए को कहां छोड़ा जाएगा इसका फैसला उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद लिया जाएगा। अभी उसे निगरानी में रखा गया है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही से लोग परेशान थे। पिंजरे में कैद होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात में अकेले बाहर न निकलें और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर बांधें।
मोतीपुर रेंज में खेत से पकड़ा गया मगरमच्छ
ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
बिछिया, बहराइच। मोतीपुर रेंज अंतर्गत लगडिहा गांव में खेतों में कई दिनों से दिख रहे मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने रात में रेस्क्यू कर पकड़ लिया। मगरमच्छ को पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों में फैली दहशत कम हुई है। प्रभारी रेन्जर मोतीपुर के.के.सिंह के अनुसार लगडिहा गांव के आसपास खेतों में पिछले कई दिनों से एक मगरमच्छ दिखाई दे रहा था। खेत में काम करने वाले किसानों और बच्चों को उससे खतरा बना हुआ था। कई बार मगरमच्छ लोगों के सामने भी आ चुका था जिससे गांव में डर का माहौल था। बार-बार शिकायत के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रात करीब साढ़े 12 बजे कड़ी मशक्कत के बाद खेत से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। मोतीपुर रेंज का कार्यभार देख रहे के.के. सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर घुघुआ नाले में छोड़ दिया गया। साथ ही टीम ने ग्रामीणों को अपील की कि वे खेतों और नदी-नालों के किनारे सावधानी बरतें और मगरमच्छ दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
विज्ञापन
विज्ञापन