एसप्रेशनल जनपद बहराइच बढ़ रहा है इंसप्रेशनल जनपद की ओर: योगी आदित्यनाथ : विकसित भारत की पहचान बनेगा जनपद बहराइच
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jul 21, 2026
बहराइच। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तहसील महसी के विकास खण्ड तेजवापुर अन्तर्गत ग्राम बेड़नापुर स्थित रामलीला मैदान में विधानसभा महसी एवं नानपारा के लिए रू. 352 करोड़ लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास के पश्चात विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विरासत एवं शौर्य तथा प्राकृतिक छटा के लिए विश्व प्रसिद्व धरा को नमन करते हुए कहा यह ऐसी भूमि है जहां बालार्क ऋषि ने अपनी साधना, महाराजा सुहेलदेव ने अपने शौर्य तथा 1857 की प्रथम स्वतन्त्रता संग्राम के अमर सेनानी महाराजा बलभद्र सिंह चहलारी नरेश के बलिदान ने इस पावन धरा को और भी ऊर्जावान एवं उर्वरा बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार हमें ग्राम भरथापुर के ग्रावासियों के पुनर्वास के लिए जनपद आने का अवसर प्राप्त हुआ था। पुनः मैं आप सबके बीच अपने को पाकर गौरान्वित महसूस कर रहा हूॅं। जब मैं बहराइच को देखता हूॅ तो मुझे विकसित भारत की उज्ज्वल तस्वीर, जिन जनपदों में दिखायी देती है तो उनमें से बहराइच भी एक महत्वपूर्ण जनपद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कतर्नियाधाट की अनुपम प्राकृतिक धरोहर को अपनी गोद में समेटे हुए यह जनपद की इसलिए भी और महत्वपूर्ण हो जाता है कि यहां के सम्मानित अन्नदाता इस उर्वरा भूमि में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहें है। आज जनपद बहराइच प्राकृतिक खेती करने वाले अग्रणी जनपदों में शामिल है। उन्होंने जिले की उर्वरा भूमि एवं अन्नदाताओं, ईश्वर प्रदत्त प्राकृतिक धरोहर कतर्नियाघाट व सरयू मईया के द्वारा प्रदत्त इस प्राकृतिक धरोहर के लिए सभी जनपद वासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि आज जनपद में महाराजा सुहेलदेव जी के नाम से मेडिकल कालेज व बालार्क ऋषि के नाम पर चिकित्सालय है। आज बहराइच से लखनऊ तक फोरलेन की सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। आज बहराइच नये बहराइच की दिशा में गतिमान है। बहराइच-बाराबंकी 102 कि.मी. एक्सेस कन्ट्रोल फोरलेन कारीडोर निर्माण के लिए लगभग सात हज़ार करोड़ रूपये प्रधानमंत्री जी द्वारा स्वीकृत किये गये हैं। घाघरा सरयू पर बाढ़ बचाव के लिए रू. 115 करोड़ लागत की 22 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। रूपईडीहा सीमा पर एक बड़े इण्डस्ट्रीयल लॉजिस्टिक कारीडोर को विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इन सब योजनाओं के कारण एसप्रेशनल जनपद बहराइच अब इंसप्रेशनल डिस्ट्रिक बन गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल, बलहा विधायक श्रीमती सरोज सोनकर, पूर्व सांसद अक्षयबर लाल गोंड तथा पूर्व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सुशासन की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, विधान परिषद सदस्य पदमसेन चौधरी, चीनी मिल प्रबन्धक रणविजय सिंह उर्फ गोलू भईया, तेजवापुर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पाण्डेय सहित देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, डीआईजी देवी पाटन मण्डल अशोक कुमार, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे सहित अन्य अधिकारी, सम्भ्रांजन, लाभार्थी व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन