हर बूथ को मजबूत बनाइए, हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैः अनुप्रिया : अपना दल (एस) अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ता सम्मेलन को किया सम्बोधित
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Aug 2, 2026
बहराइच। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल रविवार को वन सरिता रिसोर्ट में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में उतरने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि हर बूथ को मजबूत बनाइए, हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ा जायेगा। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव तथा घर-घर पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करें। मजबूत संगठन ही बड़ी जीत की आधारशिला बनेगा। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण के कारण अपना दल (एस) आज उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पहले से अधिक मजबूती के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस से जनता का भरोसा लगातार कम हुआ है। जबकि एनडीए सरकार ने विकास, गरीब कल्याण और जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन की यह यात्रा आगे भी निरन्तर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगे। सीट बंटवारे को लेकर अभी बात बाकी है। अभी हमारा लक्ष्य हर बूथ पर पहुंचकर पार्टी को मजबूत करना है। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना को लेकर अनुप्रिया पटेल ने कहा इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। चोरी करने वालों पर कार्रवाई जारी है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर उन्होंने दुख जताया। पेपर लीक को एक गंभीर समस्या बताया और कहा कि इसे किसी एक पार्टी से जोड़कर न देखा जाए। कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में 2027 की तैयारियों को लेकर उत्साह देखा गया। बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, सक्रियता और जनता से सीधे संवाद पर जोर दिया। अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। सम्मेलन के दौरान इंजीनियर डा.अविनाश साहू ने केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को मुकुट पहनाकर एवं तलवार भंेटकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर.पी.गौतम ने की। इस अवसर पर विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, संजीव सिंह राठौर, प्रदेश प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अविनाश साहू, अपना दल (एस) अल्पंसख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शकील अहमद, विधानसभा अध्यक्ष राम मोहन पटेल, मौलाना लईक अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन