विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल, जांच की मांग : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर स्कूल में उल्टा तिरंगा लगाने का आरोप
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Aug 14, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र रुपईडीहा स्थित असेंबली ऑफ गॉड चर्च स्कूल के मुख्य गेट पर राष्ट्रीय ध्वज को कथित रूप से उल्टी स्थिति में लगाए जाने का मामला सामने आया है। तिरंगे की ऐसी स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विद्यालय के मुख्य गेट पर तिरंगा लगाया गया था, लेकिन वह कथित रूप से निर्धारित स्थिति के विपरीत दिखाई दिया। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। शिक्षण संस्थानों में तिरंगा लगाए जाने के दौरान उसके सम्मान और निर्धारित नियमों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस महोत्सव में निकली भव्य प्रभात फेरी और तिरंगा बाइक रैली
भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचा देशभक्ति का कारवां
भारत माता के जयघोष से गूंजा रुपईडीहा
रुपईडीहा, बहराइच। स्वतंत्रता दिवस महोत्सव के क्रम में शुक्रवार को रुपईडीहा में दिनभर देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। राम जानकी संस्थान के तत्वावधान में आचार्य रमेश चंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज की ओर से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। जबकि शाम को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल शाखा रुपईडीहा की ओर से विशाल मोटरसाइकिल तिरंगा रैली निकाली गई। दोनों आयोजनों में भारत-नेपाल सीमा तक देशभक्ति का संदेश पहुंचाया गया। आचार्य रमेश चंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज से निकली प्रभात फेरी में संस्थान से संबद्ध लॉर्ड बुद्धा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को आकर्षक वेशभूषा के माध्यम से प्रस्तुत किया। भगवान श्री राधा-कृष्ण, वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विभूतियों के स्वरूप में सजे छात्र-छात्राओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रभात फेरी के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में एसएसबी रुपईडीहा पोस्ट के निरीक्षक अभिषेक एवं जवानों तथा थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र नाथ मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने पुलिस और एसएसबी जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के प्रधानाचार्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिश्चंद्र, चेयरमैन डॉ. यशपाल तथा गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या आशा सिंह बिष्ट का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षक सीपी त्रिपाठी, सीबी मिश्रा, अतुल पाठक, विवेक सरोज, पुनीत अग्रवाल, पीके मिश्रा, नितेश शर्मा, आरएस विश्वकर्मा सहित लक्ष्मी, रोली, उपासना, कोमल, प्रज्ञा मैडम एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
विज्ञापन
विज्ञापन