रामपुर रेतिया गांव में हाथियों का आतंक : एक घर को किया क्षतिग्रस्त, फसलें तबाह
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jul 1, 2026
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य की सुजौली रेंज अंतर्गत रामपुर रेतिया गांव में मंगलवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर फसलों को नुकसान पहुंचाया। जंगल से निकलकर आबादी में घुसे हाथियों ने ग्रामीण जवाहिर के घर को निशाना बनाकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घर की टटिया फाड़कर अंदर रखा अनाज खा गए। दहशत के चलते ग्रामीण रातभर जागते रहे। हाथियों ने गांव के बाहर खेतों में लगी कई एकड़ गन्ने और मक्के की फसल को भी पैरों तले रौंदकर नष्ट कर दिया। किसानों का कहना है कि पूरी फसल बर्बाद होने से लाखों का नुकसान हुआ है। वहीं कतर्नियाघाट रेंज के भवानीपुर गांव में जंगली टस्कर हाथी ने आतंक मचाया। खेत में काम कर रही एक महिला को हाथी ने दौड़ा लिया। महिला ने भागकर जान बचाई। टस्कर ने गांव में लगे सोलर पैनल को तोड़ दिया और एक किसान के गन्ने के खेत को भी उजाड़ दिया। रेन्जर कतर्नियघाट आशीष गौड़ ने बताया की गजमित्रों की टीम लगातार ग्रामीणों को जागरूक कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन